CG News – बिलासपुर। पत्नी और बच्चों से मिलने गांव पहुंचे एक सरकारी स्कूल शिक्षक ने अपनी पत्नी और सास पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिक्षक की शिकायत के मुताबिक, पत्नी ने दूसरी शादी करने की बात कहते हुए उससे तलाक मांगा था।

तलाक देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पत्नी व सास ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। मामले में सिरगिट्टी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम तेंदूमुड़ी छिपिया निवासी किशन कुमार दिव्य प्राथमिक शाला पथरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। फिलहाल वह महगई में किराए के मकान में रह रहे हैं, जबकि उनकी पत्नी शकुंतला बंजारे और बच्चे तेंदूमुंडी में रहते हैं। शिक्षक के मुताबिक, 26 सितंबर को वह पत्नी और बच्चों से मिलने गांव पहुंचा था। उस समय उसकी सास रोहणी बाई भी वहां मौजूद थी।

शिकायत के अनुसार, 27 सितंबर की रात करीब 2 बजे पत्नी ने किशन से कहा कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहती और दूसरी शादी करना चाहती है। इसके लिए उसने शिक्षक से तलाक देने की बात कही। किशन द्वारा तलाक देने से इनकार करने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

शिक्षक ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान पत्नी और सास ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। शिकायत में मुक्के और लात से पिटाई करने का आरोप लगाया गया है।

शिक्षक का यह भी आरोप है कि पत्नी ने खुद को रेलवे पुलिस में पदस्थ बताकर उसे झूठे केस में फंसाने और रेलवे ट्रैक पर फेंक देने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार, इस मामले से पहले शिक्षक की पत्नी की ओर से भी पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। अब शिक्षक की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनाक्रम से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।