CG NEWS:अंबिकापुर ।छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में एक शासकीय विद्यालय के शिक्षक शंभू नाथ सिंह को छात्राओं के साथ अश्लील व्यवहार करने के गंभीर आरोपों के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की है। यह मामला सरगुजा संभाग के बैकुंठपुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाले शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खुरसिया का है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक शंभू नाथ सिंह पर विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को पढ़ाई के दौरान अनुचित तरीके से छूने (बैड टच) के गंभीर आरोप लगे थे। इन आरोपों की शिकायत के बाद, जिला शिक्षा अधिकारी, कोरिया द्वारा जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन और छात्रों के बयानों के आधार पर ये आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए गए।
संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा (सरगुजा संभाग) द्वारा जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि श्री सिंह का आचरण अत्यंत घृणित, अनैतिक और शिक्षक जैसे गरिमामय पद के विरुद्ध है। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है। उक्त प्रकरण में शंभू नाथ सिंह को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान, उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सोनहत, जिला कोरिया निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।