Cg news।बिलासपुर।बिना ब्याज के 12 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर एक शिक्षिका से 1.20 लाख रुपये की आनलाइन ठगी की गई है। आरोपियों ने खुद को आदित्य बिरला फाइनेंस कैपिटल की एजेंट बताकर शिक्षिका को अपने जाल में फंसाया ।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तारबाहर थाना क्षेत्र के गायत्री मंदिर चौक विनोबा नगर निवासी दीपशिखा दुबे पेशे से शिक्षिका हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर मोबाइल नंबर 9289015671 से फोन आया।

फोन करने वाली महिला ने अपना नाम नेहा राजपूत बताया और खुद को आदित्य बिरला फाइनेंस कंपनी कैपिटल से जुड़ा होना बताया । उसने शून्य प्रतिशत ब्याज पर लोन दिलाने बात कही। इसके लिए एक लाख से 1.20 लाख रुपये तक की बीमा पालिसी लेने की शर्त रखी गई।

दावा किया गया कि इसके बदले उनके बैंक खाते में दस गुना राशि यानी 12 लाख रुपये जमा कराए जाएंगे। शुरुआत में शिक्षिका ने इनकार किया, लेकिन बार-बार फोन आने और कथित कार्यालय के लैंडलाइन नंबरों से संपर्क होने के कारण उन्हें भरोसा हो गया।

इसके बाद उन्होंने अपने एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 1.20 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।बदले में उन्हें स्टार यूनियन दाई-इची लाइफ इंश्योरेंस की पालिसी दी गई। उन्हें 18 मई तक मिलने का आश्वासन राशि दिया गया।

शिक्षिका ने बताया कि 12 लाख रुपये खाते में जमा करने की तारीख लगातार आगे बढ़ाई जाती रही। पहले 30 जून, फिर 14 जुलाई, 28 जुलाई, 12 अगस्त और अगस्त के अंत तक भुगतान का भरोसा दिया गया।

सितंबर में भी कई तारीखें बताई गईं, लेकिन रकम नहीं मिली। एक अक्टूबर के बाद संबंधित लोगों के फोन बंद हो गए या वे जवाब देना बंद कर दिया।

पीड़िता ने बताया कि लोन मिलने की उम्मीद में उन्होंने अलग-अलग स्रोतों से उधार भी लिया, जिससे उन पर 4 लाख रूपए का कर्ज बढ़ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।