बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI Act) के तहत दो तहसीलदारों पर लगाए गए 25 हजार रुपये के जुर्माने को रद्द कर दिया है।

जस्टिस एके प्रसाद की सिंगल बेंच ने कहा कि जब संबंधित अधिकारी RTI आवेदन दाखिल होने और प्रथम अपील की अवधि में उस तहसील में पदस्थ ही नहीं थे, तो सूचना देने में देरी के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

कोर्ट ने यह भी पाया कि राज्य सूचना आयोग ने अधिकारियों की ओर से पेश जवाबों पर उचित विचार किए बिना आदेश पारित किया था।

यह मामला छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के 19 अप्रैल 2021 के आदेश से जुड़ा है। आयोग ने सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 20(2) के तहत दोनों तहसीलदारों पर जुर्माना लगाने के साथ उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए थे।

इस आदेश को चुनौती देते हुए दोनों अधिकारियों ने अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।

मामले के अनुसार, गोविंद पटेल ने 18 जून 2018 को तत्कालीन तहसीलदार-सह-लोक सूचना अधिकारी के समक्ष RTI आवेदन प्रस्तुत किया था। इसमें नगर पंचायत धमधा के अंतर्गत आने वाले तालाबों की स्थिति और उन पर हुए अतिक्रमण से संबंधित जानकारी मांगी गई थी।

निर्धारित 30 दिनों के भीतर जानकारी नहीं मिलने पर आवेदक ने प्रथम अपील की। इसके बाद मामला राज्य सूचना आयोग तक पहुंचा। आयोग ने सुनवाई के बाद दोनों तहसीलदारों पर जुर्माना लगाया और उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। इस आदेश के खिलाफ अधिकारियों ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

याचिकाकर्ता तहसीलदारों की ओर से दलील दी गई कि जिस अवधि में RTI आवेदन पर जानकारी उपलब्ध कराई जानी थी, उस दौरान वे धमधा में लोक सूचना अधिकारी के रूप में पदस्थ नहीं थे। ऐसे में सूचना उपलब्ध नहीं कराने के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि आवेदन में मांगी गई जानकारी स्पष्ट नहीं थी और उन्होंने राज्य सूचना आयोग के समक्ष अपना जवाब भी प्रस्तुत किया था। इसके बावजूद आयोग ने उनके जवाबों पर समुचित विचार किए बिना उनके खिलाफ कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया।

रिकॉर्ड का परीक्षण करने के बाद हाई कोर्ट ने पाया कि दोनों अधिकारियों ने आयोग के समक्ष अपने जवाब विधिवत प्रस्तुत किए थे। ऐसे में आयोग का यह निष्कर्ष कि अधिकारियों ने जवाब नहीं दिया, उपलब्ध रिकॉर्ड से पुष्ट नहीं होता।

कोर्ट ने यह भी माना कि RTI आवेदन दाखिल किए जाने के समय याचिकाकर्ता संबंधित तहसील में पदस्थ नहीं थे। इसलिए सूचना देने में हुई देरी के लिए उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय करने का आधार उचित नहीं था।

हाई कोर्ट ने आवेदन में मांगी गई जानकारी को भी अस्पष्ट माना। कोर्ट के अनुसार, आवेदन में पर्याप्त विवरण नहीं था, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि आवेदक वास्तव में कौन-सी विशिष्ट जानकारी चाहता था। राज्य सूचना आयोग ने जुर्माना लगाने का निर्णय लेते समय इस पहलू पर भी उचित विचार नहीं किया था।