Cg news: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती में चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी नियुक्ति नहीं मिलने के मामले में महत्वपूर्ण निर्देश दिया है।

जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच ने याचिकाकर्ता नरेंद्र पाल बर्मन को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सक्षम अधिकारियों के समक्ष नए सिरे से अभ्यावेदन प्रस्तुत करने को कहा है।

कोर्ट ने निर्देश दिया है कि अभ्यावेदन और उसके साथ पेश किए गए दस्तावेजों पर विचार कर सक्षम अधिकारी कानून के अनुसार उचित, तर्कपूर्ण और स्पष्ट आदेश पारित करें। इसके लिए 60 दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

मामले के अनुसार, पुलिस मुख्यालय ने 1 जनवरी 2024 को कांस्टेबल भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए थे। नरेंद्र पाल बर्मन ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अनुसूचित जाति श्रेणी के तहत आवेदन किया था।

उन्होंने शारीरिक मापदंड और लिखित परीक्षा पास की, जिसके बाद उनका नाम प्रतीक्षा सूची में पहले क्रम पर आया। इसके बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान अनुप्रमाणन पत्र भरते समय नरेंद्र पाल बर्मन ने अपने खिलाफ आपराधिक प्रकरण लंबित होने की जानकारी दी थी। याचिका के अनुसार, इसके बावजूद पुलिस मुख्यालय ने मौखिक रूप से उन्हें नियुक्ति देने से इनकार कर दिया। नियुक्ति नहीं मिलने पर उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की।

याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी और अधिवक्ता जैनब मुस्तफा वनक ने पैरवी करते हुए दलील दी कि केवल आपराधिक मामला लंबित होना किसी योग्य उम्मीदवार को नियुक्ति से वंचित करने का अपने आप में पर्याप्त आधार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ता को संबंधित आपराधिक प्रकरण में दोषी नहीं ठहराया गया है और मुकदमा अभी लंबित है।

वरिष्ठ अधिवक्ता ने सुप्रीम कोर्ट के अवतार सिंह बनाम भारत संघ और अजहर मेहर बनाम भारत संघ मामलों का हवाला देते हुए दलील दी कि जब उम्मीदवार ने अनुप्रमाणन पत्र में आपराधिक मामले की जानकारी स्पष्ट रूप से दी हो।

तो नियुक्ति प्राधिकारी को मामले के तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर अपने विवेक का इस्तेमाल करना चाहिए। याचिकाकर्ता का पक्ष था कि आपराधिक प्रकरण की जानकारी देने के बावजूद उसकी उम्मीदवारी पर नियुक्ति के संबंध में उचित निर्णय नहीं लिया गया।

मामले की सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता को अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में जरूरी दस्तावेजों के साथ सक्षम अधिकारियों के समक्ष नया अभ्यावेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि अधिकारी उपलब्ध दस्तावेजों और लागू कानूनी प्रावधानों पर विचार करते हुए उचित, तर्कपूर्ण और स्पष्ट आदेश पारित करें।

हाई कोर्ट ने इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 60 दिन का समय निर्धारित किया है। कोर्ट के निर्देश का अर्थ तत्काल नियुक्ति देने का आदेश नहीं, बल्कि याचिकाकर्ता के अभ्यावेदन पर कानून के अनुसार निर्णय लेने का निर्देश है।