रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का वादा कर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने शादी कर पत्नी बनाकर साथ रखने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

जब वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। शिकायत के बाद लैलूंगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, महिलाओं और युवतियों से जुड़े अपराधों में कार्रवाई तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में ‘अभियान संवेदना’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आरोपी विशाल भगत के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

मामले में 21 वर्षीय युवती ने बुधवार को लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, युवती आरोपी विशाल भगत को करीब दो साल से जानती थी।

आरोप है कि युवक गांव में उससे छिपकर मुलाकात करता था और शादी कर पत्नी के रूप में साथ रखने का भरोसा देता था।

युवती ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी 2025 की रात आरोपी उसके घर आया था। उस दौरान शादी कर साथ जीवन बिताने की बात कहकर उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी शादी का भरोसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।

युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में आरोपी से गर्भवती है। आरोप है कि जब उसने युवक से शादी करने और पत्नी के रूप में साथ रखने की बात कही, तो उसने इनकार कर दिया।

इसके बाद युवती ने अपने परिजनों को जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के गांव में दबिश देकर उसे हिरासत में लियापूछताछ और विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात कहते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के नेतृत्व और धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा तथा आरक्षक जयचंद्र और राजू कुमार तिग्गा की भूमिका रही।

मामले में युवती की शिकायत और आरोपों के आधार पर पुलिस कार्रवाई की गई है।