LIVE UPDATE
Bilaspur

शिक्षा विभाग में रिश्वतखोरी: मेडिकल बिल में कमीशन मांगने का आरोप, शोकाज नोटिस जारी

बिलासपुर….छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ा रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। मस्तूरी बीईओ कार्यालय में पदस्थ क्लर्क सीएस नौरके पर आरोप है कि उन्होंने एक शिक्षक से मेडिकल बिल भुगतान के लिए 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की। मामला तब उजागर हुआ जब शिक्षक संतोष साहू ने इसकी शिकायत की और बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक संतोष साहू के मेडिकल खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने 1 लाख 87 हजार 459 रुपये स्वीकृत किए थे। आरोप है कि क्लर्क नौरके ने भुगतान कराने के लिए कमीशन की मांग की और यह भी कहा कि कमीशन ऊपर के अधिकारियों तक पहुंचानी पड़ती है। कमीशन न देने पर भुगतान रोकने की धमकी देने की बात भी सामने आई है।

शिक्षक संतोष साहू ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी विजय तांडे को की। इसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्लर्क नौरके को शोकाज नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब पेश करने को कहा। लेकिन अब तक क्लर्क ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया है।

वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हुए ऑडियो ने पूरे मामले को उजागर कर दिया है और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close