LIVE UPDATE
Bilaspur

धान मिलिंग में बड़ा घोटाला उजागर: 7.47 करोड़ का स्टॉक जब्त, राइस मिल सील

GPS ट्रैकिंग में फंसी धान मिलिंग: 7.47 करोड़ का स्टॉक जब्त, मिल सील

बिलासपुर…जिले के कोटा विकासखंड में धान की कस्टम मिलिंग व्यवस्था में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए हरिकिशन फूड्स राइस मिल को सील कर दिया है और मौके से करीब 7 करोड़ 47 लाख रुपये मूल्य का 24,109.20 क्विंटल धान जब्त किया है। कार्रवाई के बाद मिलिंग व्यवस्था की निगरानी और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

2890 क्विंटल धान गायब

जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि मिल से 2,890.80 क्विंटल धान का कोई लेखा-जोखा नहीं मिला। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समितियों से धान उठाव और मिलिंग का कार्य जारी था, लेकिन स्टॉक मिलान में भारी अंतर पाए जाने से हेराफेरी की आशंका गहराई।

GPS ट्रैकिंग में फंसा मामला

शासन द्वारा धान परिवहन पर GPS आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। इसी डिजिटल ट्रैकिंग के दौरान धान की आवाजाही में संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और स्थल पर जांच के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर के निर्देश पर जांच

कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर 13 जनवरी को राइस मिल का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में सामने आया कि इस खरीफ सीजन में मिलर द्वारा करीब 27 हजार क्विंटल धान का उठाव किया गया था, लेकिन मिल परिसर में निर्धारित मात्रा से काफी कम धान मौजूद था।

हेराफेरी और रिसाइक्लिंग की आशंका

धान की कमी, रिकॉर्ड में गड़बड़ी और मिलिंग प्रक्रिया में अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने धान की हेराफेरी और रिसाइक्लिंग की आशंका जताई है। इसी आधार पर पूरे उपलब्ध स्टॉक को जब्त कर राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

नियम तोड़ने वालों पर सख्ती तय

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश 2016 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों के हितों की रक्षा और उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यह कार्रवाई न सिर्फ मिलर्स के लिए सख्त संदेश मानी जा रही है, बल्कि यह भी संकेत है कि धान उपार्जन और मिलिंग व्यवस्था पर अब डिजिटल निगरानी और प्रशासनिक शिकंजा और कसने वाला है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close