बिलासपुर… अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। प्रहार अभियान के तहत कोनी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए महुआ शराब के अवैध धंधे पर सीधा वार किया है। ग्राम जलसो में दबिश देकर पुलिस ने 50 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

सूचना सटीक थी और कार्रवाई भी उतनी ही तेज। मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। दबिश के दौरान आरोपी उमेश वर्मा को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसके कब्जे से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस अब किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चल रहे “प्रहार अभियान” के तहत लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है, जिससे ऐसे धंधों पर अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी जा रही है और आने वाले दिनों में और सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है।