LIVE UPDATE
Big newsbureaucrats

धान खरीदी पर अवनीश शरण सख्त: खरीदी केंद्रों की सतत मॉनिटरिंग और पारदर्शिता के निर्देश..और कही यह बात

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)…जिले में योजनाओं की प्रगति का जायज़ा लेने पहुंचे प्रभारी सचिव अवनीश शरण ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की मैराथन समीक्षा बैठक ली। बैठक का केंद्र बिंदु रहा— धान खरीदी में पारदर्शिता और किसानों को निर्बाध सुविधा।

धान खरीदी पर विशेष फोकस, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

अवनीश शरण ने धान खरीदी की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा करते हुए साफ कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप केवल वास्तविक पंजीकृत किसानों से ही धान खरीदी होनी चाहिए। उन्होंने केंद्रों में तौल मशीनों और बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित रखने तथा निगरानी टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। अवैध धान परिवहन और भंडारण पर निरंतर कार्रवाई का आदेश भी दिया गया।

तुहर टोकन ऐप.. संग्रहण क्षमता पर पूछे सवाल

सचिव ने विगत वर्ष की तुलना में पंजीकृत किसानों की संख्या, भौतिक सत्यापन, बारदाना व्यवस्था और संग्रहण केंद्रों की क्षमता का बिंदुवार परीक्षण किया। किसानों की सुविधा के लिए जारी तुहर टोकन मोबाइल ऐप की कार्यप्रणाली का भी विस्तार से मूल्यांकन किया।

जनकल्याण योजनाओं की परत–दर–परत समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, पीएम जनमन आवास, मनरेगा, आजीविका मिशन, लखपति दीदी योजना, तथा विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने और मनरेगा मजदूरों के परिश्रमिक भुगतान में विलंब न होने की हिदायत दी गई।

 पीएम किसान सम्मान निधि पर तेज़ी लाने के निर्देश

उन्होंने शिविर लगाकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। भूमिहीन पीवीटीजी समुदाय को भी योजना का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया। स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं पर भी पड़ताल

महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को समन्वय कर प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। एएनसी रजिस्ट्रेशन, एसएनसीयू सेवाएं, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड निर्माण की स्थिति पर भी सचिव ने फीडबैक लिया। एनीमिया नियंत्रण पर प्रभावी कार्यवाही को अनिवार्य बताया।

जनजातीय योजनाओं, सड़क सुरक्षा विद्युतीकरण पर चर्चा

धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, आदि कर्म योगी अभियान और पीएम जनमन की प्रगति की समीक्षा करते हुए पहाड़ी कोरवा समुदाय को सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को कहा गया। सड़क सुरक्षा कार्यों, दुर्घटनाओं में कमी के लिए किए जा रहे प्रयासों और ट्रैफिक जागरूकता पर भी विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही सुदूर इलाकों में विद्युतीकरण और पीएम सूर्य घर योजना की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वनमण्डलाधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, अभिषेक गुप्ता, चेतन बोरघरिया सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close