10 साल बाद रायपुर में IPL का रोमांच, विराट की टीम RCB पहुंची… एयरपोर्ट फैंस का सैलाब
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 10 और 13 को आईपीएल मुकाबले

रायपुर…छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर आईपीएल के रंग में रंग गई है। 10 साल बाद शहर को IPL मुकाबलों की मेजबानी मिली है और इसी उत्साह के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम शुक्रवार को रायपुर पहुंच गई। विराट कोहली समेत टीम के खिलाड़ियों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। टीम एयरपोर्ट से सीधे मायरा रिसॉर्ट रवाना हुई।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में 10 और 13 मई को आईपीएल मुकाबले खेले जाएंगे। सबसे ज्यादा चर्चा 10 मई को होने वाले RCB और मुंबई इंडियंस के हाईवोल्टेज मुकाबले की है, जहां विराट कोहली और रोहित शर्मा के फैंस बड़ी संख्या में पहुंचने वाले हैं।
मैच को लेकर राजधानी में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ बॉलीवुड और उद्योग जगत की हस्तियों के भी रायपुर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अनुष्का शर्मा, रितिका सजदेह और अंबानी परिवार के कुछ सदस्य भी मैच देखने आ सकते हैं।
इधर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन ने अभूतपूर्व तैयारी की है। मुख्य सचिव की हाईलेवल बैठक के बाद सुरक्षा प्लान को अंतिम रूप दिया गया। आईजी, डीआईजी और एसपी रैंक के 8 आईपीएस अधिकारियों समेत करीब 1500 जवानों की तैनाती की गई है। डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है, जो आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में कमान संभालेंगे।
स्टेडियम तक पहुंचने के लिए पांच प्रमुख रूट तय किए गए हैं, जबकि दर्शकों की एंट्री 12 गेटों से होगी। अलग-अलग जिलों और शहरों से आने वाले दर्शकों के लिए अलग पार्किंग और ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है ताकि मैच के दौरान जाम की स्थिति न बने।
प्रशासन ने स्टेडियम के भीतर कई सामानों पर प्रतिबंध भी लगाया है। शराब, सिगरेट, गुटखा, लाइटर, धारदार वस्तुएं, पटाखे, लेजर लाइट, बैग, हॉर्न, झंडे, सिक्के और अन्य आपत्तिजनक सामग्री अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
रायपुर में आईपीएल की वापसी ने शहर का माहौल पूरी तरह बदल दिया है। होटल, रिसॉर्ट, कैफे और बाजारों में भी क्रिकेट का खुमार साफ दिखाई देने लगा है।





