शिवनाथ नदी में आधी रात छापा! अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई—3 चैन माउंटेन मशीनें जप्त, ऑपरेटर फरार
प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सरकार का रुख अब पूरी तरह सख्त

बिलासपुर.प्रदेश में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सरकार का रुख अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशों के बाद खनिज विभाग ने मैदान में उतरकर कार्रवाई की रफ्तार तेज कर दी है, जिससे अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
अभियान के तहत बिलासपुर जिले में देर रात हुई कार्रवाई ने साफ कर दिया कि अब अवैध उत्खनन करने वालों के लिए कोई ढील नहीं दी जाएगी।
आधी रात औचक निरीक्षण, मौके पर खुला खेल
खनिज विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय जांच दल की संयुक्त टीम ने मध्यरात्रि में बिलासपुर जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम उदईबंध और अमलडीहा क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिवनाथ नदी में मशीनों के जरिए अवैध रेत उत्खनन होते हुए पाया गया।
3 मशीनें जप्त, ऑपरेटर फरार:
मौके पर तीन चैन माउंटेन मशीनें अवैध खनन में लगी मिलीं। टीम को देखते ही मशीन ऑपरेटर मशीनें छोड़कर मौके से फरार हो गए। खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों मशीनों को जप्त कर सील कर दिया।
कानूनी कार्रवाई शुरू:
खनिज विभाग ने खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए ग्राम उदईबंध में दो और अमलडीहा में एक मशीन को सील किया। साथ ही संबंधित पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी कर मशीनों पर चस्पा किया गया।
सख्त चेतावनी—कार्रवाई जारी रहेगी
अधिकारियों ने साफ कहा है कि शासन को राजस्व हानि पहुंचाने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





