चाकू लहराकर मचाई दहशत, पुलिस ने तुरंत दबोचे दो आरोपी
बिलासपुर पुलिस का एक्शन: त्योहार में खलल डालने वालों पर सख्त प्रहार

बिलासपुर…उर्स पर्व के दौरान शहर में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले दो युवकों को बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अलग-अलग संदल जुलूसों में चाकू लहराकर आम लोगों को भयभीत कर रहे थे।
पहली घटना में, घोड़ादाना स्कूल तारबहार से निकली संदल टोली के दौरान पुलिस लाइन के पास मामूली विवाद के बाद आरोपी हर्ष खांण्डे ने चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैला दी। पुलिस के पहुंचने से पहले वह मौके से फरार हो गया, लेकिन आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान कर उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं दूसरी घटना में, तालापारा सिविल लाइन से निकली दूसरी संदल टोली के दौरान मगरपारा चौक के पास आरोपी अब्दुल अजीम खान को हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक बड़ा धारदार चाकू और एक चापड़नुमा हथियार जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वालों और आम जनता में भय पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।





