स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का खेल: 14.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
AIIMS जॉब के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा… किश्तों में 14.5 लाख ऐंठे, यूपी से गिरफ्तारी

दुर्ग…रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 14.50 लाख रुपये ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और लगातार लोकेशन बदलकर बचने की कोशिश कर रहा था।
मामला भिलाई के वृंदा नगर निवासी मुकेश कोसरे की शिकायत से जुड़ा है। उसने वैशाली नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जयसवाल खुद को बड़े अधिकारियों से जुड़ा बताकर नौकरी लगवाने का भरोसा दिला रहा था।
आरोप है कि सितंबर 2021 से दिसंबर 2022 के बीच आरोपी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 14.50 लाख रुपये ले लिए। रकम मिलने के बाद वह जॉइनिंग लेटर के नाम पर टालमटोल करता रहा और आखिरकार फरार हो गया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस और साइबर सेल ने मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण में आरोपी की लोकेशन लखनऊ, उत्तर प्रदेश में मिली।
इसके बाद टीम ने लखनऊ में घेराबंदी कर 31 वर्षीय आरोपी अभिषेक जयसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने ठगी की बात स्वीकार की है। फिलहाल उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





