एक दिन, दो कार्रवाई: ADM का बाबू 15 हजार लेते पकड़ाया, ASI 20 हजार लेते गिरफ्तार
फाइल ‘सेट’ करने का खेल बेनकाब: बिलासपुर में बाबू गिरफ्तार, सक्ती में ASI भी जाल में

बिलासपुर…एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है l बिलासपुर में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय के बाबू को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया, जबकि सक्ती जिले में एक ASI को 20 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया गया।
बिलासपुर मामले में करगी रोड कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप ने शिकायत की थी। देवेन्द्र कोटा में होटल चलाता है और अगस्त 2025 में फूड सेफ्टी जांच के बाद उसके खिलाफ मामला एसडीएम कोर्ट में लंबित था। आरोप है कि कार्यालय के लिपिक विजय पांडेय ने जुर्माना 1 लाख रुपये तक होने की बात कहकर उसे 30 हजार रुपये तक “सेट” कराने का ऑफर दिया और इसके बदले 20 हजार रुपये रिश्वत मांगी।
शिकायतकर्ता ने पैसे देने के बजाय ACB से संपर्क किया। सत्यापन में आरोप सही पाया गया। इस दौरान आरोपी 5 हजार रुपये पहले ही ले चुका था और बाकी 15 हजार रुपये के लिए दबाव बना रहा था।
एसीबी ने ट्रैप बिछाया। 10 मई को आरोपी ने प्रार्थी को एडीएम कार्यालय बुलाया और जैसे ही 15 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। आरोपी के खिलाफ पहले से भी रिश्वतखोरी की सूचनाएं मिलने की बात सामने आई है। उस पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इसी दिन दूसरी कार्रवाई में सक्ती जिले के चंद्रपुर में पदस्थ asai एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





