LIVE UPDATE
Bilaspur

ट्रांसपोर्ट नगर में बुलेट गैंग का आतंक: ट्रक ड्राइवर से लूट, फिर लोहे की रॉड से हमला… पुलिस ने दो दबोचे

संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया

बिलासपुर… चकरभाठा थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में देर रात ट्रक ड्राइवरों को निशाना बनाकर लूट और मारपीट करने वाले बुलेट सवार गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। साहू ढाबा के पास वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि 29 अप्रैल 2026 की रात ट्रक ड्राइवर सोनू बाजरा ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक खड़ी कर साहू ढाबा में खाना खाने गया था। वापस लौटते समय बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल में सवार तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मोबाइल व 5 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए।

घटना के कुछ दिन बाद 4 मई को उसी इलाके में फिर वही बुलेट सवार बदमाश सक्रिय हुए। इस बार आरोपियों ने गुलशन साहू को निशाना बनाया और लोहे की रॉड तथा बुलेट की चाबी से हमला कर घायल कर दिया। लगातार दो घटनाओं से इलाके में दहशत फैल गई थी।

चकरभाठा पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई, जिसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल, एक मोबाइल और 3700 रुपए नगद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी राहुल साहू पिता रामाश्रय साहू  निवासी नयापारा वार्ड नंबर 11 सिरगिट्टी है। दूसरा आरोपी विधि से संघर्षरत बालक है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया । फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
close