39 करोड़ की बड़ी तैयारी: रामानुजगंज क्षेत्र में खुलेंगे दो आधुनिक कृषि महाविद्यालय, भूमि आवंटन की बनी रणनीति

रामानुजगंज (पृथ्वी लाल केशरी)। वाड्रफनगर स्थित विश्राम गृह में उद्यानिकी शिक्षा और कृषि आधारित अनुसंधान को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र विजयनगर, रामानुजगंज की स्थापना तथा पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट एंड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी महाविद्यालय पचावल, सनावल के लिए भूमि आवंटन से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई।
करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र और लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत वाले पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट एंड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी महाविद्यालय को क्षेत्र के कृषि विकास के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।
बैठक में महाविद्यालय के अधिष्ठाता, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार और सहायक पशु शल्यज्ञ मौजूद रहे। अधिकारियों ने महाविद्यालयों की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चयन, संसाधनों की उपलब्धता और आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास पर विस्तृत मंथन किया।
अधिकारियों ने भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि परियोजनाओं का कार्य तेजी से आगे बढ़ सके।




