जंगल में ‘महुआ शराब फैक्ट्री’ पर पुलिस का छापा—152 लीटर कच्ची शराब जब्त, आरोपी जेल
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

बिलासपुर..नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। भरदैयाडीह के जंगल में चल रही कच्ची महुआ शराब की अवैध भट्ठी पर छापा मारकर 152 लीटर शराब जब्त की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
जंगल में शराब का अवैध कारोबार
पुलिस को सूचना मिली कि भरदैयाडीह के जंगल में बड़े पैमाने पर महुआ शराब का निर्माण और बिक्री हो रही है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बहोरिक राम धनवार (55) को मौके से पकड़ा गया। उसके कब्जे से 152 लीटर कच्ची महुआ शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। जब्त शराब की कीमत करीब 30,400 रुपए आंकी गई है ।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।
एसपी रजनेश : नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस
जिला पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कार्रवाई को लेकर कहा कि बिलासपुर पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चला रही है। हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी तेज़ी से जारी रहेगा।
टीम की सक्रिय भूमिका
पूरी कार्रवाई प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में गठित टीम ने अंजाम दी। टीम के सदस्यों ने जंगल के भीतर पहुंचकर ऑपरेशन को सफल बनाया, जिससे अवैध शराब निर्माण के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ।





