शिकार के नाम पर बर्बरता—मुंह में फटे विस्फोटक, 3 गायों की मौत
लोई में छिपा बम, गोवंश पर कहर— शिकारियों का खतरनाक खेल बेनकाब

बैतूल…जिले के शाहपुर क्षेत्र में जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाया गया खतरनाक जाल बेकसूर गोवंश पर भारी पड़ गया। कोयलारी गांव के पास तालाब किनारे आटे की लोइयों में छिपाकर रखे गए देसी विस्फोटकों को खाने से कई गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीन गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य की हालत नाजुक बताई जा रही है।
लोई में छिपा बम, मुंह में हुआ विस्फोट
तालाब पर पानी पीने पहुंची गायों ने जैसे ही लोई को चबाया, विस्फोट उनके मुंह में ही हो गया। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि विस्फोटक जंगली सुअरों के शिकार के लिए रखे गए थे।
बम स्क्वॉड मौके पर, जांच तेज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। नर्मदापुरम से बम स्क्वॉड की टीम को बुलाया गया है, जो विस्फोटक की प्रकृति और स्रोत की जांच कर रही है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
घायलों की हालत गंभीर, गांव में आक्रोश
घायल गोवंश की स्थिति बेहद चिंताजनक है। जबड़े बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से उनका खाना-पीना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों में भारी रोष है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।




