LIVE UPDATE
Bilaspur

न्याय के दरवाज़े पर दरार?.. एक साथ 5 सिविल जजों का इस्तीफा… बड़ा सवाल

सभी जजों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया

बिलासपुर: न्यायिक सेवा के भीतर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने व्यवस्था की मजबूती पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। कठिन प्रतियोगी परीक्षा और लंबी चयन प्रक्रिया पार कर न्यायिक सेवा में पहुंचे पांच सिविल जज जूनियर डिवीजन ने एक साथ अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विधि एवं विधायी कार्य विभाग ने हाईकोर्ट की अनुशंसा के बाद इन त्यागपत्रों को स्वीकार करते हुए अप्रैल माह में सभी को कार्यमुक्त करने का आदेश जारी कर दिया है।

मामले की पड़ताल के बाद हाईकोर्ट ने त्यागपत्र स्वीकार करने की अनुशंसा की, जिसके आधार पर विभाग ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी की। आधिकारिक तौर पर सभी जजों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है, लेकिन एक साथ पांच अधिकारियों का पद छोड़ना सामान्य प्रशासनिक घटना नहीं माना जा रहा।

दुर्ग में पदस्थ दिव्य सिंह सेंगर, महासमुंद में प्रिय दर्शन गोस्वामी और रायपुर में पदस्थ नंदनी पटेल, भामिनी राठी और अर्पित गुप्ता—इन सभी नामों का एक साथ सेवा से बाहर होना अब चर्चा के केंद्र में है। न्यायिक सेवा में प्रवेश की कठिन राह और जिम्मेदारियों के बीच अचानक लिया गया यह फैसला कई स्तरों पर सवाल खड़े कर रहा है।

इस घटनाक्रम ने न्यायिक व्यवस्था के भीतर कार्य परिस्थितियों, दबाव और सिस्टम की आंतरिक स्थिति को लेकर बहस छेड़ दी है। व्यक्तिगत कारण की आधिकारिक वजह के पीछे क्या केवल निजी परिस्थितियां हैं या फिर कोई गहरी संस्थागत चुनौती—यह सवाल अब आम जनमानस से लेकर कानूनी हलकों तक गूंज रहा है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close