LIVE UPDATE
Chhattisgarh

प्रदर्शन से भड़की हिंसा: बलौदाबाजार मामले में अब तक 199 गिरफ्तार.. पुलिस रिमांड में अमित बघेल

क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल गिरफ्त में

बलौदाबाजार…बलौदाबाजार हिंसा मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें रायपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर बलौदाबाजार लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से दो दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की गई है।

इससे पहले भी 11 जनवरी को इसी मामले में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और जोहार पार्टी से जुड़े अजय यादव और दिनेश कुमार वर्मा उर्फ मंडल को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की गिरफ्तारी की जा रही है।

बलौदाबाजार की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि इस हिंसा मामले में अब तक 13 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और 199 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जांच के दौरान आरोपियों से लगभग 100 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मामला फिलहाल न्यायिक प्रक्रिया में है।

हिंसा की पृष्ठभूमि.. क्या है पूरा मामला

10 जून को सतनामी समाज द्वारा प्रशासन की अनुमति से कलेक्ट्रेट के पास स्थित दशहरा मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया गया था। लेकिन प्रदर्शन के दौरान अचानक हालात बिगड़ गए और भीड़ उग्र हो गई। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

हिंसा के दौरान 75 मोटरसाइकिल, 20 कार और 2 दमकल वाहन आग के हवाले कर दिए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और बाद में कलेक्टर कार्यालय में आगजनी से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट हो गए। इस दौरान कलेक्ट्रेट के सामने ध्वजारोहण पोल पर सफेद ध्वज फहराए जाने की घटना भी सामने आई थी।

पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की कड़ी-दर-कड़ी जांच की जा रही है और हिंसा में शामिल सभी जिम्मेदारों तक पहुंचने के लिए साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी रहेगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close