LIVE UPDATE
Chhattisgarh

आधी रात धधक उठा बीएसपी: कन्वर्टर एरिया में आग-ब्लास्ट, प्रोडक्शन बंद

बीएसपी में बड़ा औद्योगिक हादसा: आग से थर्राया प्लांट, कर्मचारियों के लॉकर तक जले

भिलाई…भिलाई स्टील प्लांट में सोमवार देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया, जिसने पूरे प्लांट को हिला कर रख दिया। स्टील मेल्टिंग शॉप-2 में लगी भीषण आग से आधी रात तक कोहराम मचा रहा। आग इतनी भयावह थी कि कन्वर्टर एरिया में लगातार ब्लास्ट जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं और पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले एसएमएस-2 के कन्वर्टर नंबर-2 में आग भड़की। कुछ ही देर में आग की लपटों ने कन्वर्टर नंबर-1 और 3 को भी अपनी चपेट में ले लिया। कन्वर्टर एरिया में जमीन पर हॉट मेटल फैल गया, जिससे वहां बिछे केबल धू-धू कर जलने लगे और आग तेजी से फैलती चली गई। केबल जलने के कारण बिजली सप्लाई बाधित हो गई, जिससे हालात और भी बेकाबू हो गए।

बिजली गुल होने से आग बुझाने में दमकल कर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अंधेरे और तेज गर्मी के बीच फायर ब्रिगेड की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। देर रात तक मौके पर दमकल की कई गाड़ियां तैनात रहीं।

आग की चपेट में कर्मचारियों के लिए बनाए गए लॉकर भी आ गए। कई लॉकर पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जिससे कर्मचारियों का निजी सामान भी नष्ट हो गया। आग बुझाने के दौरान कुछ लॉकरों को तोड़ना पड़ा। लगातार हो रहे छोटे-छोटे धमाकों से कर्मचारी और अधिकारी दहशत में रहे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ब्लास्ट फर्नेस से निकलने वाले हॉट मेटल को अब एसएमएस-3 भेजने की तैयारी की गई है। हादसे के बाद सुरक्षा कारणों से एसएमएस-2 का प्रोडक्शन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन नुकसान का आकलन अभी तक नहीं हो सका है। बीएसपी प्रबंधन और तकनीकी टीमें यह जांच करने में जुटी हैं कि आग किस कारण से लगी और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। यह हादसा एक बार फिर देश के सबसे बड़े स्टील प्लांट में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close