LIVE UPDATE
india

डिजिटल अरेस्ट और फर्जी भर्ती का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त: दिल्ली पुलिस ने ताइवानी नागरिक समेत 7 ठगों को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (IFSO विंग) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने सिम बॉक्स (SIM Box) तकनीक का इस्तेमाल कर देशभर में ‘डिजिटल अरेस्ट’ और अन्य धोखाधड़ी करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक ताइवानी नागरिक ई-त्सुंग चेन (I-Tsung Chen) भी शामिल है, जो इस पूरे नेटवर्क की तकनीकी रीढ़ माना जा रहा है।

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस गैंग के तार ताइवान, पाकिस्तान, नेपाल और कंबोडिया जैसे देशों से जुड़े हुए हैं।

ये ठग खुद को UP STF या अन्य केंद्रीय एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे। वे पीड़ितों को यह कहकर डराते थे कि उनका नाम दिल्ली ब्लास्ट, पहलगाम आतंकी हमला या मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामलों में आया है। गिरफ्तारी का डर दिखाकर वे लोगों को घंटों वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ रखते थे और फिर मामला रफा-दफा करने के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी एक अत्याधुनिक सिम बॉक्स सेटअप चला रहे थे। सिम बॉक्स एक ऐसा उपकरण है जिसमें एक साथ सैकड़ों सिम कार्ड लगाए जा सकते हैं। इस तकनीक के जरिए ये लोग:

इंटरनेशनल कॉल को लोकल बनाना: विदेशों से आने वाली कॉल को भारतीय नंबरों के जरिए रूट किया जाता था, जिससे रेगुलेटरी एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।

ट्रैकिंग से बचना: 2G नेटवर्क और सिम बॉक्स के इस्तेमाल से कॉल के वास्तविक स्थान (Location) का पता लगाना बेहद मुश्किल हो जाता था।फिशिंग लिंक और फर्जी निवेश स्कीम के हजारों मैसेज एक साथ भेजे जाते थे।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 1,000 से अधिक सिम कार्ड और कई सिम बॉक्स डिवाइस बरामद किए हैं।

दिसंबर 2025 में इसी विंग ने एक अन्य बड़े घोटाले का पर्दाफाश किया था। आरोपियों ने संस्कृति मंत्रालय (ASI) के अधिकारियों का रूप धरकर एक फर्जी भर्ती पोर्टल बनाया था। इस गैंग ने क्यूरेटर और जूनियर असिस्टेंट के पदों के लिए फर्जी विज्ञापन निकाले और बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने जयपुर में करीब 150 छात्रों की फर्जी परीक्षा भी आयोजित की थी, जिसका मकसद बाद में नियुक्ति पत्र के नाम पर पैसे वसूलना था।

Back to top button
close