सरगुजा ने मारी बाज़ी.. पिछड़ गया बस्तर…– मंत्री नेताम ने कहा..जीवन में यह भी जरूरी

बिलासपुर,… बहतराई स्टेडियम में आयोजित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन आज गरिमामय माहौल में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए आदिम जाति कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, आदिम जाति विकास विभाग के अपर संचालक जितेंद्र गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता में 796 अंकों के साथ सरगुजा क्षेत्र ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया, जबकि दूसरा स्थान बस्तर क्षेत्र को मिला।
पढ़ाई के साथ खेल जरुरी : नेताम
मंत्री श्री नेताम ने कहा – “जीवन में पढ़ाई का जितना महत्व है, उतना ही महत्व खेलों का भी है। आपने जो जोश और जज्बा इस प्रतियोगिता में दिखाया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। खेल से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है और उनकी प्रतिभा को एक बेहतर मंच मिलता है।”
उन्होंने याद दिलाया कि स्वयं भी छात्रावास में रहकर पढ़ाई और खेल गतिविधियों में भाग ले चुके हैं। श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा खेल और खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। अब छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
विधायक सुशांत शुक्ला का संबोधन
विधायक शुक्ला ने कहा कि खेल का महत्व हर किसी के जीवन में है। उन्होंने कहा – “संग्राम जिंदगी है, लड़ना हमें पड़ेगा। लेकिन यह लड़ाई हमेशा खेल की भावना से होनी चाहिए। खेल जीवन में सिर्फ सफलता की ओर ले जाते हैं, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।”
20 खेलों में 1500 छात्र-छात्राओं की सहभागिता
प्रतियोगिता में प्रदेश के 75 एकलव्य विद्यालयों के लगभग 1500 छात्र-छात्राएं और 250 कोच व मैनेजर शामिल हुए। कुल 20 खेलों का आयोजन हुआ, जिनमें योग, 3000 मीटर, पैदल चाल, 5000 मीटर, तीरंदाजी, शतरंज, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तैराकी, टेनिस, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कुश्ती, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी और हैंडबॉल प्रमुख रहे।





