LIVE UPDATE
Chhattisgarh

बलरामपुर में EPF घोटाला… जिन्हें सुरक्षा देनी थी, उन्होंने लूटा भविष्य… लेखापाल और ऑपरेटर गिरफ्तार

बलरामपुर…(पृथ्वीलाल केसरी) बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत वाड्रफनगर से एक बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। मनरेगा कर्मचारियों के भविष्य निधि  से 11 लाख 26 हजार 254 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।  मामले में लेखापाल वीरेंद्र कुमार यादव और डाटा एंट्री ऑपरेटर भगवान सिंह जगते को गिरफ्तार कर लिया गया है।

2023 से चालू था गबन का खेल

जांच में पता चला है कि यह गबन जून 2023 से जून 2025 के बीच किया गया।मनरेगा कर्मचारियों के ईपीएफ फंड में जमा होने वाले पैसों की प्रक्रिया में ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) की भूमिका होती है, जो सीधे लेखापाल वीरेंद्र कुमार यादव के मोबाइल नंबर पर आते थे। वीरेंद्र, ये ओटीपी भगवान सिंह को देता था, जो उसका दुरुपयोग करते हुए राशि को अपनी पत्नी अंजू सिंह के दो बैंक खातों—भारतीय स्टेट बैंक और फिनो बैंक—में ट्रांसफर कर देता था।

जांच में  सामने आया कि दोनों बैंक खाते भले अंजू सिंह के नाम पर थे, लेकिन संचालन स्वयं भगवान सिंह कर रहा था

शिकायत और कानूनी कार्रवाई

जनपद पंचायत वाड्रफनगर  मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोहम्मद निजामुद्दीन ने चौकी वाड्रफनगर में पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर  भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 316(4), 318(3), और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

सीमा क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा के पास फुली डूमर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य बरामद किए हैं।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

दोनों आरोपियों को न्यायालय जेएमएफसी वाड्रफनगर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

इनकी रही विशेष भूमिका:

इस पूरे ऑपरेशन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धीरेंद्र तिवारी, सहायक उप निरीक्षक पुष्पराज सिंह, साइबर आरक्षक आकाश तिवारी, आरक्षक देव कुमार, रामगोपाल राम, और बालेश एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close