LIVE UPDATE
Chhattisgarh

जहां कभी काला झंडा लहराता था,.. वहां आज तिरंगे ने गढ़ा नया इतिहास.. 29 गांवों ने मनाया असली स्वतंत्रता दिवस”

बस्तर संभाग….देश के आजादी के 79वें पर्व ने इस बार बस्तर संभाग के 29 गांवों के लिए ऐतिहासिक मायने रखे। ये वही गांव हैं, जो कभी नक्सलवाद के कब्जे में थे, जहां लोकतंत्र नहीं बल्कि बंदूक का शासन चलता था। आजादी के बाद पहली बार इन गांवों में नक्सलियों के काले झंडे की जगह गर्व से तिरंगा लहराया गया।

सालभर में बदल गया माहौल

बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जिलों के इन इलाकों में सुरक्षा बलों ने पिछले एक साल में बड़े ऑपरेशन चलाए। नक्सलियों के गढ़ में घुसकर कई मुठभेड़ों में उन्हें खदेड़ा गया और अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए। बीजापुर जिले का पुजारी कांकेर, जिसे नक्सलियों का सबसे सुरक्षित ठिकाना माना जाता था, अब फोर्स की मौजूदगी में आजादी का जश्न मना रहा है। कोंडापल्ली और जिडपल्ली जैसे गांवों में भी दहशत का साया कम हुआ है।

गांव-गांव में पहली बार आजादी का जश्न

बीजापुर के 11, नारायणपुर के 11 और सुकमा के 7 गांवों में 15 अगस्त की सुबह पहली बार तिरंगा लहराया गया। ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा थामा, “भारत माता की जय” के नारों के साथ जश्न मनाया और दशकों से महसूस की जा रही बंदूक की दहशत से मिली आजादी का उत्सव मनाया।

बस्तर में ध्वजारोहण के मुख्य आयोजन

संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के लाल बाग मैदान में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण किया, जबकि दंतेवाड़ा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंहदेव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

यह 15 अगस्त न केवल देश की आजादी का पर्व बना, बल्कि नक्सल प्रभावित इन गांवों के लिए सच्चे मायनों में स्वतंत्रता का दिन साबित हुआ — जब बंदूक की जगह हाथों में तिरंगा था और काले झंडे की जगह आसमान में लहराता भारत का गौरव।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button