LIVE UPDATE
india

चलती एक्सप्रेस के पहिए पटरी से उतरे, जंगल के बीच थमा सफर; टला बड़ा रेल हादसा

शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस बेपटरी; घबराए यात्री खिड़कियों से उतरे,

बिलासपुर/नैनपुर…दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। शहडोल से नागपुर की ओर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के एक कोच के पहिए अचानक पटरी से उतर गए। घटना नैनपुर और खैररांजी स्टेशन के बीच जंगल क्षेत्र में हुई, जहां कुछ देर के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कम रफ्तार ने टाली बड़ी दुर्घटना

जानकारी के अनुसार ट्रेन जब इस रेलखंड से गुजर रही थी, उसी दौरान पीछे की ओर स्थित एसएलआर कोच से लगा एक डिब्बा पटरी से उतर गया। राहत की बात यह रही कि उस समय ट्रेन की रफ्तार कम थी, जिसके कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में एक महिला यात्री को मामूली चोट आई है।

अचानक झटके से मची अफरा-तफरी

ट्रेन के झटके के साथ ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री घबराहट में इमरजेंसी खिड़कियों और दरवाजों के रास्ते नीचे उतरने लगे। जंगल के बीच हुई इस घटना के कारण कुछ समय तक यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा।

मौके पर पहुंची रेलवे की टीम

सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी दल और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन मौके पर पहुंच गई। क्षतिग्रस्त कोच को अलग कर बाकी डिब्बों को करीब दो घंटे बाद गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

हादसे की जांच के आदेश

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पटरी से उतरने के सटीक कारणों का पता चल सकेगा और जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बढ़ती घटनाओं पर उठ रहे सवाल

गौरतलब है कि बिलासपुर जोन में हाल के समय में ट्रेनों के बेपटरी होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों ने रेल सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button