सुबह-शाम ठिठुरन के बीच दोपहर में खिलेगी धूप, मकर संक्रांति के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

Cg weather।रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। जहाँ सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड और धुंध का अहसास बना हुआ है, वहीं दोपहर में खिली धूप के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 14°C रहने की संभावना है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों की बात करें तो सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड का दौर अब भी जारी है। पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5.8°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक तापमान 30.2°C रहा।
हालांकि, उत्तरी पाकिस्तान से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और समुद्र तल के ऊपर बनी चक्रवाती स्थितियों के कारण आगामी 48 घंटों में ठंड से मामूली राहत मिलने के आसार हैं।
रायपुर में शनिवार सुबह के वक्त हल्की धुंध छाई रह सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ और मौसम खुशनुमा रहने की उम्मीद है।
विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि हवाओं की दिशा बदलने से न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे रात की ठिठुरन एक बार फिर बढ़ सकती है।





