बिलासपुर… शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित एक ब्यूटी पार्लर में हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी विक्रम उर्फ विक्की जायसवाल  को गिरफ्तार कर 55,000 रुपए का मशरूका सामान बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त की रात 10:30 बजे से 26 अगस्त की सुबह 11:30 बजे के बीच अज्ञात चोर ने पार्लर का ताला तोड़कर कॉस्मेटिक सामान, CCTV कैमरा, वायरलेस माइक्रोफोन और 1,500 रुपए नकद चुरा लिए थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/25, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तफ्तीश के दौरान CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी का हुलिया पहचान में आया। पूछताछ के बाद आरोपी विक्की जायसवाल को ईमलीपारा से दबोचा गया। उसने चोरी की वारदात कबूल की। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।