कबाड़ बीनने का ढोंग, गांजा बेचने का खेल— पुलिस कार्रवाई से खुला राज
कबाड़ की आड़ में नशे का सौदा, सिरगिट्टी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर…सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार पर पुलिस ने सख़्त शिकंजा कसते हुए एक गांजा तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कबाड़ बीनने की आड़ में युवाओं को गांजा बेच रहे आरोपी के कब्जे से 2.5 किलो समेत साथ ही नगदी भी जब्त की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसपी के निर्देश में चला अभियान
जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस कप्तान रजनेश सिंह द्वारा सख़्त निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।
कबाड़ के बोरे में छुपा गांजा
मुखबिर से सूचना मिली कि सिलपहरी धान मंडी के पास एक व्यक्ति पीले-हरे रंग के चमकीले प्लास्टिक बोरे में गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी मोहम्मद गुलाम गुस्तफरा को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से गांजा और बिक्री की रकम बरामद की गई।
एसपी रजनेश सिंह ने कहा “नशे का कारोबार समाज और खासकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढील नहीं दी जाएगी। जिले में मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी में लिप्त पाए जाने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ सख़्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।”
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पड़ताल की जा रही है।




