नशे में अंधी दरिंदगी: बेटे ने फावड़े से पिता की हत्या.पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सिरगिट्टी के मन्नाडोल में रिश्तों का खून

बिलासपुर… सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मन्नाडोल इलाके में पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। नशे और पैसों के विवाद में एक बेटे ने अपने ही 70 वर्षीय पिता की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान मनराखन ध्रुव के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उनके बेटे नीतू ध्रुव पर है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है और अक्सर पिता से पैसे की मांग करता था।
बताया जा रहा है कि पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्से में आरोपी ने फावड़े से हमला किया। हमले के दौरान सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह घटना नशे की लत और पारिवारिक कलह के खतरनाक परिणाम की एक और चेतावनी बनकर सामने आई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।





