TET/भोपाल: मध्य प्रदेश में सेवारत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता को लेकर छिड़ा विवाद अब राजनीतिक गलियारों में गरमा गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इस मुद्दे पर शिक्षकों का पक्ष लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा है। सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह लाखों शिक्षकों के भविष्य का सवाल है और राज्य सरकार को इस मामले में मूकदर्शक बनने के बजाय खुद आगे आकर सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखना चाहिए।

‘शिक्षकों पर न डालें कानूनी खर्च का बोझ’

दिग्विजय सिंह ने अपने पत्र में चिंता जताई कि यदि शिक्षक व्यक्तिगत रूप से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करते हैं, तो उन पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा, “सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकीलों की फीस बहुत अधिक होती है, जो एक शिक्षक के लिए वहन करना मुश्किल है। राज्य सरकार को संवेदनशील रुख अपनाते हुए खुद ‘रिव्यू पिटीशन’ या ‘क्यूरेटिव पिटीशन’ दायर करनी चाहिए ताकि शिक्षकों को बड़ी राहत मिल सके।”

MP का पक्ष नहीं सुना गया: दिग्विजय सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण कानूनी बिंदु उठाते हुए कहा कि जिस न्यायिक निर्णय के आधार पर टीईटी अनिवार्यता लागू की जा रही है, वह मामला मूलतः महाराष्ट्र राज्य से संबंधित था। मध्य प्रदेश उस प्रकरण में पक्षकार (Party) नहीं था। ऐसे में मध्य प्रदेश सरकार को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए और इसके लिए कानूनी पहल सरकार को ही करनी होगी।

अनुभवी शिक्षकों पर दबाव और ‘व्यापम’ का हवाला

सिंह ने पत्र में तर्क दिया कि प्रदेश के शिक्षक पहले ही ‘व्यापम’ के माध्यम से मेरिट आधारित कड़ी प्रक्रिया से गुजरकर नियुक्त हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि “जो शिक्षक पिछले 20-25 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन पर अचानक परीक्षा का दबाव बनाना कितना न्यायसंगत है?” उन्होंने विशेष रूप से 40 से 50 वर्ष की आयु वाले शिक्षकों का जिक्र करते हुए कहा कि इस उम्र में दोबारा परीक्षा देना व्यावहारिक नहीं है और इससे उन पर मानसिक व आर्थिक दबाव बढ़ेगा।

दिग्विजय सिंह की प्रमुख मांगें:

  1. RTE का भविष्यलक्षी क्रियान्वयन: शिक्षा का अधिकार (RTE) कानून 2009 को ‘रेट्रोस्पेक्टिव’ (भूतलक्षी) के बजाय ‘प्रॉस्पेक्टिव’ (भविष्यलक्षी) प्रभाव से लागू किया जाए। यानी यह केवल नई भर्तियों पर लागू हो, पुराने शिक्षकों पर नहीं।

  2. TET पर तत्काल रोक: जब तक सुप्रीम कोर्ट का अंतिम निर्णय नहीं आ जाता, तब तक टीईटी की अनिवार्यता को स्थगित रखा जाए।

  3. सरकार बने ढाल: शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं को देखते हुए सरकार खुद कानूनी लड़ाई लड़े।