कांकेर ।छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने राज्य सरकार से जुलाई माह में विभागीय सीमित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) आयोजित करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि इससे सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने में आसानी होगी और शिक्षकों से जुड़े कई प्रशासनिक व कानूनी विवाद भी समाप्त हो जाएंगे।

एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक वाजिद खान, प्रदेश महासचिव हेमेंद्र साहसी, जिलाध्यक्ष स्वदेश शुक्ला, जिला सचिव संतोष जायसवाल और मीडिया प्रभारी कृष्णेंदु आइच ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव तथा लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) को पत्र भेजकर परीक्षा जल्द कराने का आग्रह किया है।

संगठन की ओर से बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने सेवा में कार्यरत शिक्षकों के लिए टेट योग्यता प्राप्त करने की समय-सीमा को दो वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष कर दिया है। इसके अनुसार अब शिक्षकों को 31 अगस्त 2017 के बजाय 31 अगस्त 2018 तक टेट की योग्यता हासिल करनी होगी। ऐसे में संबंधित अधिकारियों को जल्द परीक्षा आयोजित करनी चाहिए।

टीचर्स एसोसिएशन का मानना है कि विभागीय सीमित टेट परीक्षा आयोजित होने से शासन और न्यायालय से जुड़े कई मुद्दों का समाधान हो जाएगा। संगठन ने सुझाव दिया है कि परीक्षा का संचालन डीपीआई के माध्यम से कराया जाए तथा जिला शिक्षा अधिकारियों की निगरानी में प्रत्येक विकासखंड में 5 से 7 बड़े स्कूलों या संकुल केंद्रों को परीक्षा केंद्र बनाया जाए।

इससे शिक्षकों को अपने ही क्षेत्र में परीक्षा देने की सुविधा मिलेगी और उन्हें लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। संगठन ने यह भी मांग की है कि परीक्षा में न्यूनतम उत्तीर्णांक 33 प्रतिशत रखा जाए, ताकि अधिक से अधिक शिक्षक पात्रता हासिल कर सकें।