बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर में ब्याज की रकम को लेकर हुए विवाद के दौरान पति-पत्नी ने मिलकर युवक का गला काट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

आरोप है कि 6 हजार रुपए उधार के बदले 18 हजार रुपए ब्याज मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर युवक पर हमला कर दिया। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी मुताबिक देवरीडीह के देवनगर निवासी सरिता साहू ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले घरेलू काम के लिए उन्होंने तहरून निशा से 6 हजार रुपए उधार लिए थे। जिसके मूलधन की राशि वह चुका चुकी हैं।

इसके बावजूद 27 सितंबर की रात करीब 8 बजे तहरून निशा और उसका दूसरा पति राजू पठान घर पहुंचे और 18 हजार रुपए ब्याज बकाया होने की बात कहकर विवाद करने लगे।

इस दौरान सरिता ने उनसे मोहलत मांगी, तो दोनों पति-पत्नी घर लौट गए, जिसके बाद रात करीब 11 बजे दोनों फिर पहुंचे और दरवाजा खटखटाने लगे। बाहर आने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।

विरोध करने पर राजू पठान ने नुकीले धारदार हथियार से अनिल साहू के गले और दोनों कलाई पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची सरिता से भी धक्का-मुक्की की गई। आसपास के लोगों के पहुंचने पर दोनों आरोपी फरार हो गए।

हमले में गंभीर रूप से घायल अनिल साहू इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है। दूसरी तरफ उसकी पत्नी सरिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की।

युवक के गले और कलाई में गहरा जख्म लगा है। इसके बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित का कहना है कि उनकी शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई करने की भी बात कही है।