LIVE UPDATE
Chhattisgarh

Teacher Arrest : शर्मनाक हरकतें करने वाला शिक्षक आखिरकार गिरफ्तार,घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा

Teacher Arrest : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने वाले एक सरकारी शिक्षक को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी शिक्षक राम मूरत कौशिक (55) पिछले तीन महीने से फरार था, जिसे पुलिस ने बिलासपुर शहर में घेराबंदी कर पकड़ा।

यह मामला सकरी थाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल का है। छात्राओं ने आरोप लगाया था कि शिक्षक राम मूरत कौशिक उन्हें ‘बैड टच’ करता था और अश्लील इशारे व बातें करता था। छात्राओं की शिकायत के बाद हेडमास्टर ने तुरंत शिक्षा विभाग को सूचित किया।

शिकायत मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने मामले की जांच करवाई, जिसमें छात्राओं के बयान दर्ज किए गए।

जांच में शिक्षक की हरकतें सही साबित हुईं, जिसके बाद DEO ने आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया और हेडमास्टर को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

24 अप्रैल को मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी शिक्षक फरार हो गया था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।

सकरी पुलिस की विशेष टीम ने कई जगहों पर छापेमारी की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। आखिरकार, 30 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिलासपुर शहर में है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे धर दबोचा।

सकरी थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि आरोपी शिक्षक पर पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Back to top button