LIVE UPDATE
Bilaspur

151 किमी की पदयात्रा के बाद शहर पहुंची सुशांत की ध्वजा यात्रा..सवागत में उमड़ा जनसैलाब..जयघोष से गूंजा शहर

बिलासपुर… नवरात्रि पर्व के पांचवें दिन बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की ध्वजा यात्रा 40 गांवों का भ्रमण करते हुए 151 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर शनिवार को शहर पहुंची। यात्रा के आगमन पर वार्डवासियों ने पारंपरिक उत्साह के साथ स्वागत किया। यात्रा में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, डिप्टी सीएम अरुण साव सहित जिले के कई विधायकों की उपस्थिति ने श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं के जोश को दोगुना कर दिया।

सुशांत शुक्ला ने शनिवार की यात्रा की शुरुआत मोपका बस्ती से की। यात्रा ने मोपका चुनी सिंह तालाब, राजकिशोर नगर, लिंगियाडीह, चिंगराजपारा, खमतराई बस्ती, बिरकोना होते हुए कोनी बस्ती तक का भ्रमण किया। खमतराई स्थित बगदाई मंदिर में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, डिप्टी सीएम अरुण साव, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने यात्रा की अगवानी कर सामूहिक आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान हजारों श्रद्धालु जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए।

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि “नवरात्रि पर क्षेत्रवासियों के साथ पदयात्रा के माध्यम से देवी आराधना कर सुशांत शुक्ला ने सनातन परंपरा को नई दिशा दी है। यह अनुपम मिसाल वर्षों तक याद रखी जाएगी।”
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा, “जब राजनीति धर्म और परंपरा के अनुरूप व्यवहार करने लगती है तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना जागृत होती है। सुशांत शुक्ला की ध्वजा यात्रा ने बेलतरा क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह का वातावरण बनाया है।”

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनक देवांगन, विजयधर दीवान, तिलक साहू, उमेश गोरहा, प्रणव शर्मा समदरिया, अनिल पाण्डे, मनीष कौशिक, पवन कश्यप, जय वाधवानी, प्रीतेश सोनी, कमला पटेल, संतोष दुबे, मनोरमा यादव, अमित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल हुए।

  महामाया दरबार में होगा समापन

नवरात्रि के छठवें दिन ध्वजा यात्रा कोनी से प्रारंभ होकर सेदरी, लोफन्दी, पेंडरवा, रानी गांव और मदनपुर होते हुए रतनपुर महामाया मंदिर पहुंचेगी। कुल 32 किलोमीटर की यात्रा में विधायक सुशांत शुक्ला और श्रद्धालु महामाया दर्शन से पूर्व ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण करेंगे। यात्रा का समापन रतनपुर महामाया मंदिर में पूजन-अर्चन के साथ किया जाएगा। शाम 4 बजे विनायक मंदिर में कार्यकर्ता एकत्र होकर महामाया मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close