LIVE UPDATE
Chhattisgarh

सात अफसरों को आईएएस अवॉर्ड, दो सगे भाइयों ने रचा प्रशासनिक इतिहास

दो भाई, एक सफर, एक उपलब्धि राज्य सेवा से आईएएस तक — बिलासपुर कनेक्शन ने खबर को बनाया खास

रायपुर… छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक गलियारों में आज एक खबर ने अलग ही ऊर्जा भर दी। राज्य प्रशासनिक सेवा के सात अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति मिली है। आदेश जारी होते ही यह सूची सामान्य प्रमोशन सूची नहीं रही, बल्कि एक प्रेरक प्रसंग बन गई।

पदोन्नत अधिकारियों में 2008 बैच से तीर्थराज अग्रवाल और लीना कोसम शामिल हैं। 2010 बैच से सौमिल रंजन चौबे और वीरेंद्र बहादुर पंचभाई को पदोन्नति मिली है। 2013 बैच से सुमित अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और आशीष टिकारिहा को आईएएस अवॉर्ड प्रदान किया गया है।

लेकिन इस पूरी सूची में सबसे अधिक चर्चा दो नामों ने खींची — संदीप अग्रवाल और सुमित अग्रवाल। दोनों सगे भाई। दोनों ने राज्य प्रशासनिक सेवा से अपना सफर शुरू किया। और अब दोनों एक साथ आईएएस कैडर में शामिल हो गए।

संदीप अग्रवाल वर्तमान में जिला पंचायत बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हैं। दिलचस्प संयोग है कि उनके छोटे भाई सुमित अग्रवाल भी पहले इसी पद पर बिलासपुर में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब दोनों भाई एक साथ आईएएस बने हैं। यह उपलब्धि सिर्फ परिवार की नहीं, बल्कि प्रशासनिक सेवा के उस धैर्य और निरंतरता की भी कहानी है, जो वर्षों की मेहनत के बाद आकार लेती है।

सूची में शामिल अन्य अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में लंबा अनुभव और प्रशासनिक परिपक्वता अर्जित की है। यह प्रमोशन सिर्फ पद परिवर्तन नहीं है। यह राज्य सेवा से राष्ट्रीय सेवा में प्रवेश का वह पड़ाव है, जहां जिम्मेदारी का दायरा और व्यापक हो जाता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button