तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटे को कुचला, दो जिंदगियां खत्म..चालक फरार
चालक वाहन समेत फरार..सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बिलासपुर..दोपहर का सामान्य दिन अचानक मातम में बदल गया। बिलासपुर जिले के मस्तुरी क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसका छह माह का दुधमुंहा बच्चा मौके पर ही दम तोड़ गए। पति बाल-बाल बचा।
बैंक के सामने मची अफरा-तफरी
घटना मस्तुरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के पास हुई। पति-पत्नी अपने छह माह के बच्चे के साथ बाइक से मस्तुरी से गांव कुंवा बोड़सरा लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण रही कि महिला और मासूम सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गए और वहीं उनकी सांसें थम गईं।
चालक वाहन समेत फरार
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल का मुआयना किया।
भारी वाहनों का दबाव, बढ़ता खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। तेज रफ्तार और लापरवाही ने पहले भी कई हादसे कराए हैं। बैंक और बाजार क्षेत्र के पास स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था नहीं होने से खतरा और बढ़ जाता है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में उजड़ गईं—अब सवाल फिर वही, क्या इस सड़क पर रफ्तार पर लगाम लगेगी?





