बिलासपुर की कानून-व्यवस्था पर सियासत तेज शैलेष पांडेय का आरोप—“अपराध मुक्त शहर का वादा अधूरा”, अमर पर साधा निशाना
पूर्व विधायक ने वर्तमान से मांगा इस्तीफ़ा

बिलासपुर… शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने वर्तमान विधायक अमर अग्रवाल पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले बिलासपुर को अपराध मुक्त बनाने का वादा किया गया था, लेकिन हालात उस दावे के अनुरूप नहीं दिख रहे।
शैलेष पांडेय ने आरोप लगाया कि शहर में बढ़ती वारदातों से व्यापारी वर्ग असहज और चिंतित है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर ठोस और दिखाई देने वाली कार्रवाई की जरूरत है। पांडेय ने यह भी जोड़ा कि यदि वादों पर अमल नहीं हो पा रहा, तो जनता के प्रति जवाबदेही तय होनी चाहिए।
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल की ओर से इस बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि आगामी दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है। इतना ही नहीं प्रेस नोट जारी कर पूर्व विधायक ने वर्तमान विधायक को इस्तीफा देने को कहा है।
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बैठकों और समीक्षा की प्रक्रिया जारी है। अब देखना होगा कि आरोप-प्रत्यारोप की इस सियासत के बीच कानून-व्यवस्था पर ठोस कदम कितनी तेजी से सामने आते हैं।





