LIVE UPDATE
Chhattisgarh

एसपी ऑफिस में ‘जहर ड्रामा’ : दबाव बनाने पहुंचे युवक को जेल

कार्यालय में हंगामा, सुरक्षा में सेंध की कोशिश

जांजगीर-चांपा… पुलिस अधीक्षक कार्यालय के भीतर जहर सेवन कर दबाव बनाने की कोशिश करने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी टिकेश्वर उर्फ टी.आर. साहू, निवासी मड़वा, 23 अप्रैल की दोपहर करीब 2:30 बजे एसपी ऑफिस पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करते हुए सीधे एसपी कक्ष में घुसने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद स्टाफ ने उसे रोककर स्थिति को काबू में लिया।

तलाशी में मिला कीटनाशक

संदिग्ध व्यवहार के चलते पुलिस ने तत्काल तलाशी ली, जिसमें उसके पास से कीटनाशक दवा का खुला पैकेट मिला। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी शिकायत पर कार्रवाई कराने के लिए दबाव बनाने की नीयत से पहले ही जहर का सेवन किया था। यह स्पष्ट हुआ कि पूरा घटनाक्रम दबाव बनाने की रणनीति के तहत अंजाम दिया गया।

तुरंत अस्पताल, फिर कानूनी कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज हुआ। स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई आगे बढ़ाई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी इसी तरह के तरीकों से शिकायतों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर चुका है, और उसकी पुरानी शिकायतें जांच में अप्रमाणित पाई गई थीं।

BNS की धाराओं में केस दर्ज, गया जेल

कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 304/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 232 और 226 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पूरे मामले में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

 दबाव की राजनीति नहीं चलेगी

पुलिस ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान के नाम पर किसी भी तरह का दबाव या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून के दायरे में रहते हुए ही हर शिकायत का निपटारा होगा, और नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई तय है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close