सूरजपुर।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को सूरजपुर जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की अगुवाई में निकली इस यात्रा में करीब एक हजार लोग शामिल हुए।

तिरंगा यात्रा बिश्रामपुर के शासकीय कन्या हाई स्कूल से शुरू हुई। हाथों में तिरंगा लेकर नागरिक, स्कूली विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी यात्रा में शामिल हुए। करीब दो किलोमीटर की यात्रा अंबेडकर चौक पहुंची और निर्धारित मार्ग से होते हुए वापस शासकीय कन्या हाई स्कूल में समाप्त हुई।

यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा मार्ग गूंजता रहा। स्कूली विद्यार्थियों और नागरिकों में तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को भव्य स्वरूप दिया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा के जरिए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश प्रेम, एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की अगुवाई में निकली यात्रा में लोगों की सहभागिता ने स्वतंत्रता दिवस के पहले शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।