बलरामपुर (पृथ्वीलाल केशरी)….जिले के राजपुर अनुविभाग में धान खरीदी को लेकर प्रशासन के तमाम दावे ज़मीनी हकीकत में कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं। खरीदी व्यवस्था से परेशान किसानों के समर्थन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि धान खरीदी की सीमा कम होने और समय पर टोकन जारी न होने के कारण सैकड़ों किसान समितियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। कई समितियों में टोकन काटने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे किसानों में गहरा आक्रोश है।

कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि धंधापुर समिति में 290, राजपुर-8 समिति में बड़ी संख्या में तथा बरियों समिति में 237 किसानों के टोकन अब तक नहीं कट पाए हैं, जिसके कारण इन किसानों का धान खरीदा ही नहीं जा रहा है। किसान रोज समितियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समाधान के बजाय उन्हें जांच और औपचारिकताओं के नाम पर परेशान किया जा रहा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि गत वर्ष की तुलना में इस बार धान खरीदी की रफ्तार बेहद धीमी है। जिन किसानों ने समितियों से ऋण लिया है, उन्हें भी टोकन जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और बिगड़ती जा रही है। धान खरीदी की समय-सीमा समाप्ति की ओर है, ऐसे में यदि जल्द टोकन नहीं मिला तो किसानों को बिचौलियों के हाथों औने-पौने दाम पर धान बेचने को मजबूर होना पड़ेगा।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि जिन किसानों को अब तक टोकन नहीं मिला है, उन्हें तत्काल टोकन जारी किया जाए, साथ ही धान खरीदी की लिमिट बढ़ाकर सभी किसानों का धान क्रय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसानों का आक्रोश आंदोलन का रूप ले सकता है।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजेश मिश्रा और राम बिहारी यादव, पार्षद राहुल भारती, विजय सिंह, उमेश यादव, मेघनाथ टेकाम, नेतराम, जयप्रकाश, तेज कुमार, विक्रम यादव सहित बड़ी संख्या में पीड़ित किसान मौजूद रहे।