LIVE UPDATE
Bilaspur

टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर हथौड़े से हमला, ज्वेलर्स से भरी कार लूटी वारदात के बाद नाकेबंदी, घटनास्थल से कार, बाइक और जिंदा कारतूस बरामद

शहर के बीचोंबीच सुनियोजित वारदात: ज्वेलर्स को घेरकर हमला, कार समेत माल पार

बिलासपुर… शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर सोमवार रात करीब 9 बजे सुनियोजित लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी। अज्ञात हमलावरों ने संतोष तिवारी को रास्ते में रोककर हथौड़े से हमला किया और उनकी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार (क्रमांक CG-10 AH 7707) लूटकर फरार हो गए। कार में सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी सामने आई है।

संतोष तिवारी पूर्व पुलिस कर्मचारी हैं और राजकिशोर नगर में “मां लक्ष्मी ज्वेलर्स” का संचालन करते हैं। रोज की तरह रात लगभग 9 बजे दुकान बंद कर वे महावीर सिटी स्थित घर के लिए निकले थे। इसी दौरान टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने सिर पर हथौड़े से वार किया, जिससे वे घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी कार लेकर भाग निकले।

घटनास्थल पर पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG-10 P 0331) और एक अन्य कार (CG-10 BJ 8147) छोड़ी मिली है। पुलिस ने मौके से एक मैगजीन और कुछ जिंदा राउंड भी बरामद किए हैं, जिन्हें चलाया नहीं गया था। इससे आशंका गहराई है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे।

घायल संतोष तिवारी का उपचार कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में रखे आभूषणों की कीमत लाखों रुपये में हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से राशि की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने शहर में तत्काल नाकेबंदी लागू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और विशेष टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि तेजी से सघन जांच चल रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि वारदात रिहायशी और व्यस्त इलाके में हुई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close