नयी दिल्ली/ देश में इस साल जून के महीने में मानसून की रफ्तार काफी धीमी रही है, जिसके कारण देश भर में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल जून महीने में पूरे देश में कुल मिलाकर सामान्य के मुकाबले 43.1 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। मौसम विभाग के अनुसार देश में 28 जून तक केवल 85.2 मिलीमीटर वास्तविक बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि के लिए सामान्य वर्षा का स्तर 149.8 मिलीमीटर होना चाहिए था।

जून के पूरे महीने में इक्का-दुक्का दिनों को छोड़कर दैनिक औसत बारिश का ग्राफ हमेशा सामान्य के लाल निशान से काफी नीचे बना रहा है.विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो देश के सभी चारों प्रमुख हिस्सों में बारिश की भारी कमी देखी गई है। इसमें सबसे खराब स्थिति मध्य भारत की रही है।यहां सामान्य के मुकाबले 56 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

जून के मध्य से लेकर अब तक यह क्षेत्र लगातार सूखे जैसे हालातों से जूझ रहा है।इसके बाद पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से 43 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, और यहाँ भी बारिश का ग्राफ लगातार नीचे गिरा है। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में सामान्य से 31 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। जून की शुरुआत में यहाँ अच्छी बारिश हुई थी, लेकिन महीने के दूसरे पखवाड़े में यहाँ भी मानसून कमजोर पड़ गया।

अन्य क्षेत्रों की तुलना में उत्तर-पश्चिम भारत की स्थिति थोड़ी बेहतर है, जहाँ सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। जून के पहले हफ्ते में यहाँ सामान्य से अधिक बारिश हुई थी, लेकिन बाद के दिनों में यहाँ भी गिरावट दर्ज की गई।

जून का महीना खत्म होने को है और देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कमी का यह आंकड़ा 43 प्रतिशत से अधिक बना हुआ है। खरीफ फसलों की बुआई के लिए जून की बारिश को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, ऐसे में खेती-किसानी पर इसका सीधा असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि जुलाई की शुरुआत के साथ मानसून की सक्रियता दोबारा बढ़ेगी, जिससे इस कमी की भरपाई हो सकेगी।