LIVE UPDATE
Bilaspur

सरकारी जमीन बेचकर करोड़ों की ठगी, 8 महीने से फरार मास्टरमाइंड दबोचा गया

पुलिस ने जालसाजी का बड़ा खेल किया बेनकाब

बिलासपुर..सरकंडा थाना क्षेत्र में शासकीय भूमि को अपनी बताकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नदीम अहमद पिछले आठ महीनों से फरार था और शासकीय घास भूमि को निजी जमीन बताकर अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी बिक्री कर रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अलग-अलग लोगों को जमीन बेचते हुए धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

मामले की शुरुआत 26 मई 2025 को हुई, जब कोरबा निवासी मोहम्मद आजम खान ने शिकायत दर्ज कराई कि उसने ग्राम खमतराई स्थित खसरा नंबर 559/1/थ/6 की 1500 वर्गफुट भूमि वर्ष 2022 में 18 लाख 75 हजार रुपये में खरीदी थी। बाद में नामांतरण के दौरान तहसील कार्यालय से पता चला कि संबंधित भूमि जंगल मद में दर्ज शासकीय भूमि है, जिसकी बिना कलेक्टर की अनुमति खरीदी-बिक्री संभव नहीं है। इस खुलासे के बाद धोखाधड़ी की पुष्टि हुई।

इसी तरह गीतांजली सिटी फेस-2 निवासी कौशिल्या थवाईत और चिंगराजपारा निवासी संजय कुमार जायसवाल ने भी इसी तरह की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अलग-अलग मामलों में सरकंडा थाना में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान आरोपी नदीम अहमद, श्रेयांश कौशिक और विश्वनाथ राय की तलाश की जा रही थी।

21 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी नदीम अहमद अपने ठिकाने पर आया हुआ है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरकंडा पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके सकुनत से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज बनाकर ठगी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button