नई दिल्ली…राजधानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार दोपहर हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार धमाका गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक इको वैन में हुआ, जिससे आग लगने के बाद आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी जल गईं।

पुलिस ने 9 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि कई घायल हैं जिन्हें नजदीकी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 धमाके से मचा हड़कंप

विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों में भगदड़ के हालात बन गए। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी हैं।

 एनएसजी, एनआईए और दिल्ली पुलिस की संयुक्त जांच

घटना के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एनएसजी और एनआईए की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। फोरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में विस्फोटक सामग्री के उपयोग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इलाका घेराबंदी में, सुरक्षा बढ़ाई गई

लाल किला मेट्रो स्टेशन और आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस ने मेट्रो स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया है।