प्रेमी ने यूट्यूब से सीखी डिलीवरी, घर पर करवाई गर्भवती प्रेमिका की डिलीवरी, मां बनी बच्ची की नर्स
प्रसव पीड़ा शुरू होने पर जब अस्पताल जाने का समय आया, तो प्रेमी ने यह सोचकर बाहर ले जाने से इनकार कर दिया कि लोगों को अगर युवती की प्रेग्नेंसी के बारे में पता चल गया, तो मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। इसके बाद उसने यूट्यूब पर "घर पर डिलीवरी कैसे करें" टाइप कर वीडियो देखना शुरू किया और उसी के आधार पर प्रेमिका की डिलीवरी करने का फैसला कर लिया।

आज के डिजिटल युग में जहां टेक्नोलॉजी लोगों की ज़िंदगी आसान बना रही है, वहीं इसके गलत इस्तेमाल से हैरान कर देने वाले मामले भी सामने आ रहे हैं। तमिलनाडु के इरोड जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने यूट्यूब वीडियो देखकर अपनी गर्भवती प्रेमिका की घर पर ही डिलीवरी करवा दी। यह घटना ना सिर्फ टेक्नोलॉजी के अंधाधुंध इस्तेमाल की मिसाल बन गई है, बल्कि यह भी दिखाती है कि जागरूकता और सही मेडिकल फैसलों की कितनी अहमियत है।
इरोड जिले के गोपीचेट्टीपलायम इलाके में रहने वाला युवक अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहता था। कुछ साल पहले उसकी मुलाकात एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा से हुई, और धीरे-धीरे उनका रिश्ता दोस्ती से आगे बढ़कर प्रेम में बदल गया। समाज और परिवार से छुपकर दोनों एक साथ पति-पत्नी की तरह रहने लगे। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई, लेकिन उसके परिवार को इस बारे में कुछ भी पता नहीं था।
प्रसव पीड़ा शुरू होने पर जब अस्पताल जाने का समय आया, तो प्रेमी ने यह सोचकर बाहर ले जाने से इनकार कर दिया कि लोगों को अगर युवती की प्रेग्नेंसी के बारे में पता चल गया, तो मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। इसके बाद उसने यूट्यूब पर “घर पर डिलीवरी कैसे करें” टाइप कर वीडियो देखना शुरू किया और उसी के आधार पर प्रेमिका की डिलीवरी करने का फैसला कर लिया।
युवती ने घर में ही एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद उसकी हालत बिगड़ती चली गई। लगातार ब्लीडिंग और दर्द के कारण जब स्थिति बेकाबू हो गई, तो अगले दिन युवक उसे कोयंबटूर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गया। जांच के दौरान डॉक्टरों को संदेह हुआ कि महिला की डिलीवरी हाल ही में हुई है, लेकिन बच्चा अस्पताल में मौजूद नहीं था। जब युवक से पूछताछ की गई, तो वह टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में सारी सच्चाई सामने आ गई।
अस्पताल प्रशासन ने युवक के घर पहुंचकर छानबीन की तो वहां उसकी मां बच्ची की देखभाल करती हुई मिली। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि पास के एक बैग में नवजात की गर्भनाल रखी हुई मिली, जिसे डॉक्टरों ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पूरी घटना युवती के माता-पिता को बताई गई, जो इस रहस्य से पूरी तरह अनजान थे।











