Korba news: जेल से फरार चार पॉक्सो आरोपी: तीन धराए, एक की तलाश में पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा

Korba news– 2 अगस्त को जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब जिला जेल कोरबा से पॉक्सो एक्ट के तहत विचाराधीन चार आरोपी फरार हो गए।
फरार आरोपियों में दशरथ सिदार (थाना सिविल लाइन), राजा कंवर (चौकी राजगामार), सारण सिक्कू (थाना बालको) और चंद्रशेखर राठिया (थाना श्याम) शामिल हैं।
ये सभी अलग-अलग मामलों में विभिन्न तिथियों पर जेल दाखिल किए गए थे और उन पर पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर आरोप थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। इस टीम में अनुभवी पुलिस अधिकारी, आरक्षक और साइबर सेल के विशेषज्ञ शामिल किए गए।
आठ निरीक्षकों और 50 जवानों की दो टीमों को कोरबा समेत आसपास के जिलों में दबिश देने भेजा गया।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए पुलिस ने ₹10,000 का इनाम घोषित किया और सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने का भरोसा दिलाया।
इस पहल से पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की मदद से तीन आरोपी – दशरथ सिदार, राजा कंवर और सारण सिक्कू – पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
हालांकि, चौथा आरोपी चंद्रशेखर राठिया अब भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जांच के दौरान यह खुलासा भी हुआ कि एक आरोपी की प्रेमिका ने फरारी में उसकी सक्रिय मदद की और पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी जानकारी दी।