LIVE UPDATE
आपणों राजस्थान

झुंझुनूं- दिनदहाड़े खूनी वारदात: स्कूटी लेने जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्त पर भी बदमाशों ने की फायरिंग

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय मुकेश कुमार निवासी डूमोली कलां शुक्रवार शाम अपने दोस्त योगेश से मिलने गया था। मुकेश को एक नई स्कूटी खरीदनी थी, जिसके लिए उसे कुछ कागजी कार्रवाई पूरी करनी थी। उसे अपने दोस्त योगेश के आधार कार्ड की जरूरत थी, जिसे लेने के लिए वह योगेश के घर की ओर निकला था

झुंझुनूं /राजस्थान के झुंझुनूं जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। सिंघाना थाना क्षेत्र के ईशकपुरा गांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। तीन बाइकों पर सवार होकर आए करीब सात हमलावरों ने रास्ते में युवक को रोका, विवाद किया और फिर उसके सीने में गोली उतार दी। मृतक अपने परिवार का इकलौता सहारा था, जिसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय मुकेश कुमार निवासी डूमोली कलां शुक्रवार शाम अपने दोस्त योगेश से मिलने गया था। मुकेश को एक नई स्कूटी खरीदनी थी, जिसके लिए उसे कुछ कागजी कार्रवाई पूरी करनी थी। उसे अपने दोस्त योगेश के आधार कार्ड की जरूरत थी, जिसे लेने के लिए वह योगेश के घर की ओर निकला था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे विजय और उसके छह साथियों ने मुकेश को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनके बीच कुछ कहासुनी हुई और इसी दौरान आरोपियों ने मुकेश पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे उसके सीने में लगी और वह वहीं ढेर हो गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन उनका खूनी खेल यहीं खत्म नहीं हुआ। मुकेश के दोस्त योगेश ने बताया कि जब उसे गोलीबारी की सूचना मिली और वह मौके की ओर भागा, तो रास्ते में उन्हीं बदमाशों ने उसे भी रोक लिया। बदमाशों ने योगेश पर भी जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, लेकिन वह किसी तरह बच निकलने में कामयाब रहा। हमलावरों ने जाते-जाते उसे भी खत्म करने की धमकी दी। घायल मुकेश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। मुकेश अपने घर का इकलौता बेटा था और उस पर अपनी दो बहनों और मां की जिम्मेदारी थी। करीब एक साल पहले ही उसके पिता की बीमारी से मौत हुई थी, जिसके बाद मुकेश ही खेती-किसानी कर घर चला रहा था। इकलौते चिराग के बुझने से गांव में गहरा आक्रोश है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पूरे जिले में नाकाबंदी कराई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

सिंघाना थाना अधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की टीमें बदमाशों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस आपसी रंजिश और विवाद के अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है

Back to top button
close