IPL 2026- क्या खत्म होने वाला है KKR के इन 3 बड़े मैच विनर्स का युग? धोनी के साथ ही ये दिग्गज भी कह सकते हैं अलविदा!
इस सीजन में यही चर्चा बनी हुई है कि क्या एमएस धोनी आखिरी बार मैदान पर उतरेंगे. माना तो यही जा रहा है कि ये उनका आखिरी सीजन होगा. मगर सिर्फ धोनी ही नहीं, बल्कि कुछ अन्य खिलाड़ी हैं जिनके लिए इस सीजन के बाद IPL का सफर खत्म होता दिख रहा है

IPL 2026/इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का हर नया सीजन अपने साथ नई उम्मीदें और नए सितारे लेकर आता है, लेकिन साथ ही यह कुछ पुराने और दिग्गज खिलाड़ियों के विदाई का मंच भी बन जाता है। आईपीएल 2026 का आगामी सीजन भी कुछ ऐसा ही भावनात्मक मोड़ लेकर आने वाला है, जहां कई जाने-पहचाने चेहरों का सफर थमता नजर आ सकता है।

क्रिकेट जगत में फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा चेन्नई सुपर किंग्स के ‘थाला’ एमएस धोनी के भविष्य को लेकर हो रही है, लेकिन पर्दे के पीछे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खेमे से भी ऐसी खबरें आ रही हैं जो प्रशंसकों को थोड़ा मायूस कर सकती हैं। केकेआर के तीन ऐसे धुरंधर खिलाड़ी हैं, जिनके लिए यह सीजन उनके शानदार करियर का आखिरी पड़ाव साबित हो सकता है।
इस फेहरिस्त में सबसे बड़ा नाम मिस्ट्री स्पिनर सुनील नरेन का है। केकेआर की सफलता की पटकथा में अगर किसी एक खिलाड़ी का योगदान सबसे ज्यादा रहा है, तो वो निसंदेह सुनील नरेन ही हैं।
2012 में अपना डेब्यू करने वाले नरेन तब से लेकर अब तक इस टीम का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। केकेआर ने अपने इतिहास में जो तीन खिताब (2012, 2014 और 2024) जीते हैं, उन तीनों में नरेन की भूमिका निर्णायक रही है। इन तीन विजयी सीजन में उन्होंने कुल 62 विकेट चटकाकर टीम को चैंपियन बनाया।
अब 37 साल के हो चुके नरेन 189 मैचों का लंबा अनुभव रखते हैं। हालांकि पिछले सीजन में भी उनके रिलीज होने की अटकलें थीं, लेकिन उन्होंने अपनी जगह बनाए रखी। मगर उम्र के इस पड़ाव और टीम की भविष्य की योजनाओं को देखते हुए, आईपीएल 2026 उनके ऐतिहासिक सफर का आखिरी साल हो सकता है।
केकेआर के मौजूदा कप्तान अजिंक्य रहाणे का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। रहाणे की इस टीम में एंट्री काफी नाटकीय रही थी। जब मेगा ऑक्शन के पहले दौर में उन्हें किसी ने नहीं खरीदा था, तब दूसरे दौर में केकेआर ने उन पर भरोसा जताते हुए बेस प्राइस पर खरीदा और सीधे कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी।
IPL 2026/रहाणे के नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन मिला-जुला रहा और वह सातवें स्थान पर रही, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर रहाणे ने 390 रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की थी। बावजूद इसके, 37 साल की उम्र और टीम में युवाओं की बढ़ती फौज को देखते हुए यह माना जा रहा है कि रहाणे का आईपीएल करियर अब अपने अंतिम चरण में है और 2026 के बाद वह शायद ही दोबारा मैदान पर नजर आएं।
तीसरा नाम मनीष पांडे का है, जो भारतीय क्रिकेट और आईपीएल के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा की तरह आईपीएल के सभी सीजन खेले हैं। मनीष पांडे अब अपने लगातार 19वें सीजन में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। 2014 और 2024 की खिताबी जीत का हिस्सा रहे मनीष पिछले दो सीजन से कोलकाता के साथ तो हैं, लेकिन उनका अधिकांश समय डगआउट में ही बीता है। पिछले दो सालों में 36 साल के इस अनुभवी बल्लेबाज को महज 4 मैच खेलने का मौका मिला है। इस सीजन में भी उनके प्लेइंग इलेवन में नियमित रूप से शामिल होने की संभावना कम ही नजर आ रही है। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि आईपीएल 2026 के साथ ही इस अनुभवी बल्लेबाज के शानदार आईपीएल सफर पर भी विराम लग जाएगा।

